मुख्यमंत्री ने राहुल गांधी पर साधा निशाना, कहा- युवराज रायबरेली से भी चुनाव हारेंगे

By Firmediac news May 6, 2024
Spread the love

खरखोदा।

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा है कि कांग्रेस के राज में उग्रवाद बढ़ने का सबसे बड़ा कारण यह था कि उस शासन में हमारी सेना को आतंकवादियों पर गोली चलाने की छूट नहीं थी। सैनी ने कहा कि अगर कोई सैनिक गोली चलाता था तो उसे हिसाब देना पड़ता था और अगर हिसाब नहीं दे पता था तो उसका कोर्ट मार्शल किया जाता था। लेकिन, आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सैनिकों को पूरी छूट दे रखी है, जिसका परिणाम है कि आज सीमा पार से कोई आतंकवादी भारत में घुसने की कोशिश नहीं कर सकता।

नायब सिंह सैनी शनिवार को यहां सोनीपत लोकसभा क्षेत्र में विजय संकल्प रैली को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश को नई पहचान मिली है। देश सशक्त और मजबूत होकर एक नया भारत बना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के लोग झूठ बोलकर लोगों को बहकाने का काम करेंगे और हमारे कार्यकर्ताओं को न केवल उनके झूठ से बचना है बल्कि दूसरे लोगों को भी बचाना है।

मुख्यमंत्री ने कांग्रेस के नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहाकि पहले राहुल गांधी अमेठी से चुनाव लड़ते थे, वहां से हारे तो वह भाग कर वायनाड पहुंचे और अब जब उन्हें लगा कि वायनाड सुरक्षित नहीं है तो वह भाग कर रायबरेली पहुंच गए। मुख्यमंत्री ने कहा की धारा 370 के माध्यम से देश में तीन परिवारों की राजनीति चलती थी लेकिन नरेंद्र मोदी ने धारा 370 को खत्म करके इन तीन परिवारों की राजनीति पूरी तरह से खत्म कर दी है।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा एक झटके में गरीबी समाप्त करने का दावा करने पर तंज कसते हुए कहा कि उनके पास ऐसा कौन सा अलादीन का चिराग है जिसके माध्यम से वह एक झटके में देश से गरीबी समाप्त कर देंगे। उन्होंने कहा कि देश से गरीबी को खत्म करने की दिशा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जबरदस्त तरीके से काम किया है। 4 करोड़ मकान बना कर दिए। 11 करोड़ महिलाओं को उज्जवला स्कीम के अंतर्गत रसोई गैस के कनेक्शन दिए। हर घर में नल से स्वच्छ जल देना सुनिश्चित किया। 81 करोड़ परिवारों को मुफ्त राशन देने का काम कर रहे हैं। केंद्र सरकार की नीतियों का परिणाम है कि 25 करोड लोग गरीबी की रेखा से बाहर निकलने में सफल हुए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज हर जगह एक ही बात की चर्चा है कि 10 साल में नरेंद्र मोदी ने बहुत कार्य किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस आज झूठ बोलकर लोगों का वोट हासिल करना चाहती है। कांग्रेस ने महिलाओं को एक-एक लाख रुपये देने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि देश का बजट 46 लाख करोड़ रुपये का है और कांग्रेस की इसी घोषणा पर 50 लाख करोड़ रुपए खर्च होंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को यह बताना चाहिए कि वह अपनी इस घोषणा को कैसे पूरा करेगी?

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि कांग्रेस को अपने पिछले 60 साल का भी हिसाब देना चाहिए कि उसने इस दौरान कितनी घोषणाएं की और उनमें से कितनी घोषणाएं पूरी हुई। मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर गरजते हुए कहा कि कांग्रेस इस देश को बांटने का काम कर रही है। कांग्रेस ने हमेशा पिछड़ों और दलितों को एक वोट बैंक के रूप में माना है और उनका शोषण किया है। अब कर्नाटक में असंवैधानिक रूप से कांग्रेस ने धर्म के आधार पर आरक्षण देने का काम किया है, जिसे भाजपा किसी भी सूरत में सहन करने वाली नहीं है। उन्होंने कहा कि पिछड़ा वर्ग और दलितों को इस बात को समझना होगा कि कौन उनका शोषण करने वाला है और कौन उनकी रक्षा करने वाला है। इस अवसर पर विधायक निर्मल चौधरी, कविता जैन, कृष्णा गहलावत, उमेश शर्मा, ललित बत्रा, धर्मपाल मलिक, जवाहर सैनी, जगबीर, ओम प्रकाश शास्त्री, बबीता दहिया, वीरेंद्र शांडिल्य, देवेंद्र कौशिक भी मौजूद थे।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *