जालंधर।
सुशील रिंकू के आम आदमी पार्टी छोड़ने के बाद जो नेता भाजपा में नहीं गए थे अब उन्होंने भी खेमा बदलने का फैसला कर लिया है। शुक्रवार को आम आदमी पार्टी के नेता व शहर के पूर्व डिप्टी मेयर प्रवेश तांगड़ी के अलावा राजकुमार राजू भाजपा में शामिल हो गए। दोनों नेता आप के इंकलाब नामक ग्रुप के सदस्य थे। उनकी मुलाकात पूर्व सीएम चरणजीत सिंह चन्नी से भी हुई थी। इससे कयास लगाए जा रहे थे कि वे कांग्रेस में लौट सकते हैं। भाजपा के पंजाब मामलों के प्रभारी व गुजरात के पूर्व सीएम विजय रूपाणी ने उक्त दोनों नेताओं सहित आधा दर्जन चेहरों को भाजपा जॉइन करवाई है। प्रवेश, भार्गव नगर इलाके से काउंसलर थे। अकाली-भाजपा गठबंधन सरकार में वे जालंधर के डिप्टी मेयर भी रहे। शिअद (बादल) से अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत करने वाले प्रवेश ने राज्य में आप के सत्ता में आने के बाद अकाली दल का साथ छोड़ दिया और उसमें शामिल हो गए।