पंजाब की जनता को छोड़कर चंडीगढ़ से मैदान में उतरे प्रत्याशी को सबक सिखाएगी जनता

By Firmediac news May 6, 2024
Spread the love

मनीमाजरा (चंडीगढ़). भाजपा प्रत्याशी संजय टंडन ने रविवार को रोड शो के दौरान कांग्रेस प्रत्याशी मनीष तिवारी पर पंजाब को छोड़कर चंडीगढ़ से चुनाव लड़ने पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि पंजाब की दो लोकसभा क्षेत्र की जनता ने भरपूर प्यार देकर संसद भेजा, लेकिन वह उन्हें भगवान भरोसे छोड़कर तीसरी बार सांसद बनने के लिए चंडीगढ़ से मैदान में उतर गए हैं। चंडीगढ़ की जनता उन्हें सबक सिखाने का काम करेगी।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस लोगों को भ्रमित कर केंद्र की सत्ता पर काबिज होना चाहती है और इसके लिए उसने अपने जैसे विभिन्न दलों को जोड़कर भानुमति का कुनबा खड़ा किया है। इस गठबंधन का लोगों की नजर में वजूद क्या है, इसका अंदाजा 4 जून को हो जाएगा। टंडन ने चंडीगढ़ वासियों से अपील की कि उन्हें जिस तरह का समर्थन और सहयोग चुनाव प्रचार के दौरान मिल रहा है, वह इसे जीवनभर नहीं भूलेंगे और उनका एक ही संकल्प है कि अगले पांच वर्षों में चंडीगढ़ में जो कार्य पिछले 50 वर्षों में नहीं हुए वह अगले पांच साल में उसके करके दिखाएंगे।

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष जतिंदर पाल मल्होत्रा और भाजपा प्रत्याशी संजय टंडन के नेतृत्व में रविवार को मौली जागरा से विकास नगर तक रोड शो में लोग भाजपा के समर्थन में शामिल हुए। इस दौरान जगह-जगह ढोल नगाड़ों और पुष्प वर्षा से स्वागत किया गया। भाजपा नेता एवं नगर निगम पार्षद मनोज सोनकर के वार्ड में इस रोड शो का आयोजन किया गया था। इस मौके पर उपाध्यक्ष शक्ति प्रकाश देवशाली,नगर निगम के पार्षद मनोज सोनकर, प्रदेश सचिव शशि शंकर तिवारी, सुभाष मौर्य, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जिला के अध्यक्ष भूपेंद्र सैनी, मंडल अध्यक्ष राम चौधरी और भाजपा के अन्य पदाधिकारी और भारी संख्या में समर्थक मौजूद रहे।

मोदी ने विकास की गति तेज की : मल्होत्रा

प्रदेशाध्यक्ष जतिंदर पाल मल्होत्रा ने कहा कि ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से पहले की सरकारों में देश के विकास के लिए बहुत धीमी गति से विकास हुआ था, लेकिन नरेंद्र मोदी ने विकास की गति को तेज करने के साथ अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भी भारत को मजबूत किया। इस मौके पर मल्होत्रा ने लोगों से अपील कि की वे भाजपा प्रत्याशी संजय टंडन को विजयी बनाकर प्रधानमंत्री मोदी ने देश को महाशक्ति बनाने का जो लक्ष्य रखा है,उसे पूरा करने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *